अंबिकापुर (एजेंसी)। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में चार नवजातों की मौत पर कहा कि जो भी दोषी होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। 48 घंटे में दोषियों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि, प्रारंभिक स्तर पर पता चला है कि चारों बच्चे क्रिटिकल कंडीशन में अस्पताल में भर्ती किए गए थे। वहीं दूसरी ओर भाजपाइयों ने सिंहदेव को काले झंडे दिखाए और उनका पुतला फूंका।

अफसरों को लगाई फटकार
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में रविवार देर रात बिजली चली जाने से चार बच्चों की मौत हो गई थी। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और स्वास्थ्य सचिव आर. प्रसन्ना हेलीकॉप्टर से अंबिकापुर पहुंचे। उन्होंने वार्ड का निरीक्षण किया और अफसरों की बैठक लेकर मामले की जानकारी ली। इस दौरान मंत्री टीएस सिंहदेव खासे नाराज दिखाई दिए। उन्होंने अस्पताल में लापरवाही को लेकर स्वास्थ्य अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। यहीं नहीं मंत्री ने जब बैठक के दौरान ड्यूटी रजिस्टर मांगा तो अधिकारी बगले झांकने लगे। वहां मौजूद अधिकारी कर्मचारी ड्यूटी रजिस्टर तक नहीं दिखा सके। जिसके कारण यह भी पता नहीं चल सका कि हादसे के समय एमसीएच के एनआईसीयू में किस डॉक्टर की ड्यूटी थी। इसके चलते भी स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव ने नाराजगी जाहिर की।
भाजपाइयों के पास पहुंचे सिंहदेव
वहीं बच्चों की मौत की घटना पर भाजपा ने भी जमकर प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य मंत्री की पहुंचने की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता मेडिकल कॉलेज के सामने पहुंच गए। वहां स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव के आते ही उन्हें काले झंडे दिखाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी और मृतक बच्चों के परिजनों को मुवाअजे की मांग की। इस पर मंत्री सिंहदेव गाड़ी से उतरकर काले झंडे दिखा रहे भाजपाइयों के पास पहुंचे और कहा कि, मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि बच्चों की मौत क्यों और कैसे हुई।




