काठमांडु (एजेंसी)। नेपाल के पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर 72 सीटों वाला एक यात्री विमान रनवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बचाव कार्य जारी है और फिलहाल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। नेपाल पुलिस ने बताया कि अब तक 35 शवों को बरामद किया गया है। ये विमान नेपाल की राजधानी काठमांडू से पोखरा जा रहा था।

काठमांडू पोस्ट की खबर के मुताबिक, विमान पुराने हवाई अड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यति एयरलाइंस के विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। विमान में 8 विदेशी नागरिक भी थे। एक और अहम बात सामने आई है कि विमान में में हवा में ही आग लग गई थी और उसी के बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
#WATCH | A passenger aircraft crashed at Pokhara International Airport in Nepal today. 68 passengers and four crew members were onboard at the time of crash. Details awaited. pic.twitter.com/DBDbTtTxNc
— ANI (@ANI) January 15, 2023
लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा
मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार, विमान में पहले आग लगी और उसके बाद लैंडिंग के दौरान रनवे पर क्रैश हो गया। बता दें कि पोखरा हवाई अड्डे का इलाका पहाडिय़ों से घिरा हुआ है. चश्मदीदों ने हादसे के बाद धुएं के गुबार को देखा।
बाग बुझाने के प्रयास जारी
एक और अहम बात सामने आई है। काठमांडू में मौसम खराब था और यति एयरलाइन के एटीआर-72 विमान ने तय समय पर ही उड़ान भरी थी। इस विमान को कैप्टन कमल केसी उड़ा रहे थे। यति एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने बताया कि आग को बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन भी शुरू हो गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है
स्थानीय अधिकारी गुरुदत्त ढकाल ने एएफपी को बताया कि मलबे में आग लगी हुई थी और बचावकर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। गुरुदत्त ढकाल ने कहा, रेस्क्यू टीम और बचावकर्मी मौके पर मौजूद हैं। सभी एजेंसियां पहले आग बुझाने और यात्रियों को बचाने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं।




