भीलवाड़ा (एजेंसी)। महाकाल के दर्शन कर लोट रहे चार दोस्तों की कार हाइवे पर खड़ी ट्रेलर से टकरा गई। इस जोरदार हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। हादसा राजस्थान के भीलवाड़ा-अजमेर हाइवे पर गुरुवार आधीरात के बाद बांदनवाड़ा कसबे के पास हुई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। जिसमें कार में सवार चारों युवकों की जान चली गई।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को कार में सवार चार लोग भीलवाड़ा की ओर से जयपुर की तरफ जा रहे थे। नेशनल हाइवे 48 पर राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सामने एक खड़े ट्रेलर में उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घुस गई। इस दौरान जोरदार धमाका हुआ। आवाज सुनकर आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके से पुलिस को भी सूचना दी गईद्। पुलिस पहुंची तो देखा कि कार सवार चार लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने शवों को वाहन से बाहर निकालकर मरच्यूरी भेज दिया।
बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक व एक अन्य उसमें घंटों फंसे रहे। पुलिस ने बताया कि मृतकों में शेर सिंह, सतवीर, संदीप और हवा सिंह शामिल हैं। हादसे में मारे गए सभी युवक मध्य प्रदेश के उज्जैन से महाकाल का दर्शन कर वापस कोटपूतली लौट रहे थे। इसी दौरान जब उनकी गाड़ी बांदनवाड़ा पहुंची तो हाइवे पर खड़े एक ट्रेलर में पीछे से टकरा गई। चारों युवक कोटपूतली के सांगतेड़ा गांव के रहने वाले थे।




