भिलाई। दुर्ग जिले में गुरुवार आधीरात को बड़ा हादसा हो गया। यहां के जामगांव आर थाना क्षेत्र में सगाई से लौट रहा परिवार कार के साथ सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकरा गया। हादसा इतना जोरदार था कि मौके पर एक की मौत हो गई। यही नहीं कार के बाद बाइक सवार दो युवक भी टकरा गए। हादसे में 11 लोग घायल हैं जिन्हें दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जामुल निवासी एक परिवार सगाई कार्यक्रम में गए हुए थे और वहां से देर रात 11 बजे लौट रहे थे। करीब 10 लोग इको कार सीजी 07 सीसी 6028 से वापस लौट रहे थे। पौहा गांव के पास कार सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकरा गई। अभी हादसा हुआ ही था कि कार के पीछे आ रहे बाइक सवार दो लोग भी ट्रक से जा टकराए। हादसे के बाद कार का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक फंस गया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव वालों के साथ मिलकर रेस्क्यू शुरू किया। कार चालक खोमन सिन्हा (28) बुरी तरह से फंस गया और इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत से उसका शव बाहर निकला। वहीं हादसे में सवार खोम लाल साहू (28), किशन सिन्हा (43), जीवन साहू (34), शत्रुघन साहू (45), राजाराम साहू (55), जागेश्वर साहू (17), निर्मल साहू (43), रेखलाल साहू (34) और गुलाब चंद्र (40) घायल हो गए। वहीं ट्रक से जो बाइक टकराई उसमें सवार डोमेंद्र कोसरे (16) और गोविदं सिंह (22) बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया।




