भिलाई। मंगलवार को भिलाई स्टील प्लांट के दो विभागों में फायर एक्सीडेंट हुआ। पहली घटना सुबह की है जहां आरएमपी-2 में आग लगी। वहीं दूसरी घटना मंगलवार शाम की है जो बार एंड रॉड मिल (बीआरएम) की है। हादसे के बाद संयंत्र के दोनों विभागों में अफरा तफरी का माहौल रहा। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों ही हादसों में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह आरएमपी-2 के वर्टिकल क्रेन में आग गल गई थी। बताया जा रहा है कि यह आग लाइन किलन-1 के ढाई नंबर प्लेटफॉर्म पर लगी। आग कैसे लगी यह तो पता नहीं चला लेकिन इसे बुझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। जब आग लगी तब कर्मचारियों में अफरा तफरी का माहौल था। वहीं इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानी नहीं हुई।
दूसरी घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। बार एंड रॉड मिल में आग लग गई। यहां पर हल्के धमाके साथ आग लगी। समय रहते ठेका मजदूरों ने समझदारी से काम लिया और आग बुझाने में बड़ी भूमिका निभाई। बीएसपी प्रबंधन द्वारा हादसे को सामान्य बताया जा रहा है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानी नहीं हुई है। फिलहाल संयंत्र के इन दोनों की विभागों में स्थिति सामान्य है। बताया जा रहा है बीआरएम की आग ज्यादा फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।




