भिलाई। आईपीएल शुरू होने के बाद सट्टा का बाजार भी काफी गर्म है। अवैध रूप से ऑनलाइन बेटिंग और सट्टा का संचालन भी काफभ् बढ़ गया है। महानगरों की तर्ज पर भिलाई शहर में ऑनलाइन सट्टा का कारोबार काफी फल फूल रहा है। इसी कड़ी में सुपेला थाना क्षेत्र में एक होटल में कमरा किराए पर लेकर ऑनलाइन सट्टा खिलाए जाने का खुलासा हुआ है। मुखबिर की सूचना पर सुपेला पुलिस ने रेड की और मौके से 7 सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ 3,7 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की।
सुपेला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के हैरीटेज होटल में कमरा किराए पर लेकर ऑनलाइन सट्टा का कारोबार किया जा रहा था। सुपेला पुलिस ने उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद एसपी जितेन्द्र शुक्ला के निर्देश व एएसपी शहर सुखनंदन राठौर, एएसपी एसीसीयू ऋचा मिश्रा के मार्गदर्शन में सुपेला थाने की टीम व एसीसीयू की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। पुलिस जब कमरे में पहुंची तो वहां सट्टा खिलाने के लिए सारा सामान सजा हुआ था।
सुपेला पुलिस ने मौके पर नीरज निर्मलकर, दुर्गेश माण्डे, टीकम पाल, रिषभ पटेल, राहुल चन्द्राकर, उदय सिंह राजपूत एवं चेतन निषाद को हिरासत में लिया। सभी यहां बड़े पैमाने पर रुपए का लेनदेन कर रहे थे। पुलिस ने कमरे से 18 मोबाइल फोन, 3 लैपटाप, 1 टेबलेट व 2 चार्जर कीमती 2 लाख रुपए जब्त किया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने 3, 7 छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक राजेश मिश्रा, एसीसीयू की टीम एवं एएसआई दिनेश सिंह, राजेश सिंह, प्रधान आरक्षक भरत यादव, आरक्षाक सुरेन्द्र पटेल, सुरेन्द्र गिरी, श्यामजी मिश्रा, सूर्य प्रताप सिंह का विशेष योगदान रहा।
यह हैं पकड़े गए सटोरिए
- नीरज निर्मलकर (18) निवासी चंद्रखुरी बस स्टैण्ड के पास पुलगांव जिला-दुर्ग।
- दुर्गेश माण्डे (20) निवासी कचांदूर ढौर रोड जेवरा सिरसा पुलगांव जिला-दुर्ग।
- टीकम पाल (21) निवासी माना बस्ती जिनियर पब्लिक स्कूल के पास रायपुर।
- रिषभ पटेल (23) निवासी ग्राम सिरसहा स्कूल के पास गुण्डरदेही जिला बालोद।
- राहुल चन्द्राकर (22) निवासी न्यू कृष्णा नगर सुपेला जिला-दुर्ग।
- उदय सिंह राजपूत (22) निवासी न्यू कृष्णा नगर सुपेला।
- चेतन निषाद (22) निवासी ग्राम कोलिहापुरी पुलगांव जिला-दुर्ग।




