सुपारी लेने वाले ने पीडि़त से भी उगाही में मांगी 11 लाख की रकम
भिलाई। 10 लाख की सुपारी देकर जादू टोना के जरिए मारने की साजिश करने वाले आरोपी सहित चार लोगों को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रार्थी संजीव सिंह निवासी कोहका की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने यह ऑपरेशन मात्र 16 घंटे में ही पूरा कर लिया। आरोपी को एक बैगा लगातार फोन कर धमकी दे रहा था कि उसे किसी ने उसे मारने 10 लाख की सुपारी दी है। अगर वह 11 लाख रुपए देगा तो उस पर जादू-टोना नहीं करेगा। प्रार्थी ने सुपेला पुलिस थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुपेला पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरी कार्रवाई कर मामले में संलिप्त चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जाल बिछाकर पकड़ा
थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार शर्मा ने बताया कि 20.अक्टूबर को प्रार्थी संजीव सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि विगत 2-3 दिनो से इनके मोबाईल में एक नंबर से बार-बार फोन पर धमकी मिल रही है कि तुमको जादू-टोना करके मारने के लिए 10 लाख रूपये में सुपारी मिली है। यदि मुझे 11 लाख रूपये दे देते हो तो मैं तुमको नहीं मारूंगा। जादू-टोना व मारने की सुपारी देने की बात सुन कर काफी डरा हुआ था। चूंकि मामला काफी गंभीर व संवेदनशील था। इस लिए घटना के तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा उनके निर्देश पर थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक दुर्गेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस अधीक्षक दुर्ग, श्री डॉ. अभिषेक पल्लव के निर्देश पर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, संजय ध्रुव तथा प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, निखिल राखेजा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जाल बिछाकर फोन पर धमकी देने वाले आरोपी संतोष मिर्ची को पैसे देने के बहाने दुर्ग बस स्टैण्ड बुलाकर पकड़ा। आरोपी संतोष मिर्ची झाड़-फूक का काम करता है जिनके कब्जे से नीबू, मिर्ची, बंदन, कच्चा धागा 7 नग पुराने तांबा का सिक्का व मोबाईल बरामद किया गया है।
55 हजार रुपए मिले थे एडवांस
आरोपी संतोष ने अपना जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि इसे अब तक 55,000 रूपये अजय कोसरे ने प्रार्थी संजीव सिंह को जादू-टोना कर मारने की सुपारी दी थी। इसके निशानदेही पर आरोपी अजय कोसरे को पकड़ा गया। आरोपी अजय कोसरे के मोबाईल चेक किया गया जिसमें इन्द्रकुमार महिलांग ने प्रार्थी संजीव सिंह को मारने के लिए फोटो व नाम पता भेजा था। आरोपी इन्द्रकुमार महिलांग ने1 लाख रूपए एडवांल के तौर पर रकम अजय कोसरे को दिया था और बाकी रकम काम पूरा होने के बाद देने की बात तय हुई थी। इसी मे से अजय कोसरे ने 55 हजार रूपए संतोष मिर्ची (बैगा ) को दी और शेष रकम 45 हजार रुपए स्वयं रखी था। आरोपी अजय कोसरे के निशानदेही पर आरोपी इन्द्रकुमार महिलांग एवं अशोक मौर्या को पकड़ा गया।
दोनों पार्टनर थे
आरोपी अशोक मौर्या एवं प्रार्थी संजीव सिंह में जमीन खरीदी बिकी का पार्टनर थे। अशोक मौर्या का काम सही तरीके से नहीं चलने के कारण एवं संजीव सिंह का कारोबार दिन प्रतिदिन बढ़ते देखकर उसको जादू-टोना के माध्यम से मरवाने का प्लान तैयार कर आरोपीगणों को 10 लाख रूपए सुपारी दी थी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक दुर्गेश कुमार शर्मा, उप निरी. प्रमोद श्रीवास्तव, आरक्षक विकास तिवारी एवं जुनैद सिद्धीकी का विशेष योगदान रहा। आरोपी अशोक कुमार मौर्या पिता स्व. राममूरत मौर्या उम्र 50 साल निवासी कैलाश नगर,थाना जामुल आरोपियों पर विभिन्न धारा के साथ छग टोनही प्रताडऩा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।




