भिलाई। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर कैंप-2 संत रविदास नगर वार्ड में जमकर बवाल हुआ। दरअसल यह बवाल अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगाने को लेकर हुआ। भाजपा नेता व कार्यकर्ता वार्ड में बने अटल स्मृति उद्यान में प्रतिमा लगाने पहुंचे तो मोहल्ले वालों ने विरोध शुरू कर दिया। धीरे धीरे विवाद ने उग्र रूप ले लिया और जमकर बवाल शुरू हो गया। नौबत हाथापाई तक की आ गई। शुरुआत में हल्का मामला जान छावनी पुलिस के कुछ जवान ही मौके पर थे लेकिन बाद में पूरा एरिया छावनी में तब्दील हो गया।
यह पूरा बवाल वार्ड क्रमांक 37 रविदास नगर वार्ड स्थित अटल स्मृति उद्यान में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगाने भाजपा के नेता व कार्यकर्ता पहुंचे थे। इधर भाजपा नेता पहुंचे और उधर मूर्ति लगाने के विरोध में मोहल्ले वाले एकत्र होना शुरू हो गए। लोगों को कहना था कि छोटा उद्यान है और यहां पर मूर्ति लगाने से बच्चों को खेलने के लिए जगह नहीं बचेगी। वहीं मौके पर पहुंचे स्थानीय पार्षद ने भी मूर्ति लगाने का विरोध किया। पार्षद ने कहा कि यहां पर बच्चों के लिए झूले लगाने का प्लान है और मूर्ति लगाने से जगह नहीं बचेगी।

हाथापाई तक पहुंच गई बात
वार्ड में एक पक्ष मूर्ति लगाने का विरोध कर रहा है तो दूसरा पक्ष मूर्ति लगाने पर अड़ा हुआ था। वरोध के बीच बात हाथापाई तक पहुंच गई। देखते ही देखते बवाल बढ़ गया और अन्य थानों से भी पुलिस बल बुलाना पड़ा। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया है। फिलहाल दोनों पक्षों को समझाइश देने का प्रयास किया जा रहा है। आगे देखना यह है कि भाजपा के लोग मूर्ति लगा पाते हैं या मोहल्ले के लोग इसे रोक पाते हैं। खबर लिखे जाने तक वार्ड में तनाव का माहौल बना हुआ है।




