भिलाई। सीजी पुलिस के अफसरों पर शोषण व पुलिस परिवार के हक के लिए पैदल यात्रा करने वाले आरक्षक संजीव मिश्रा व उज्ज्वल दीवान को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार दोपहर लगभग 12:30 बजे भिलाई नगर थाने के पास बेरोजगार चौक पर आरक्षक संजीव मिश्रा व उज्ज्वल दीवान को पुलिस किट की पेटी साथ गिरफ्तार किया गया है। आरक्षक संजीव मिश्रा व उज्ज्वल दीवान अपने सिर पर पुलिस किट की पेटी रखकर पैदल रायपुर मुख्यालय रवाना हुए था जहां उसने इस्तीफा देने का ऐलान किया। आरक्षक संजीव मिश्रा व उज्ज्वल दिवान के खिलाफ बीजापुर कोतवाली थाने में एक वर्ष पूर्व पुलिस (द्रोह-उद्दीपन) अधिनियम, 1922 के तहत अपराध दर्ज है।

आरक्षक संजीव मिश्रा और उज्जवल दीवान ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार और वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दुर्ग के पटेल चौक से नवा रायपुर तक पैदल मार्च निकालने का ऐलान किया था। इसके बाद गुरुवार दोपहर उन्होंने दुर्ग के पटेल से सिर में लोहे की पेटी लेकर और तख्ती पकड़कर नया रायपुर के लिए मार्च शुरू किया। वो लोग जैसे ही भिलाई के बेरोजगार चौक पर पहुंचे दुर्ग पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि आरक्षक संजीव मिश्रा के खिलाफ बस्तर के बीजापुर दंतेवाड़ा सुकमा में गंभीर अपराध दर्ज हैं। उसे बीजापुर पुलिस के कहने पर गिरफ्तार किया गया है।
बता दें आरक्षक संजीव मिश्रा, पुलिस मुख्यालय के सीआईडी शाखा में पदस्थ है और वह 13 साल से विभाग में कार्यरत है। आरक्षक संजीव मिश्रा ने पुलिस विभाग के तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों के हितों को लेकर आवाज उठाते आए हैं। उसने पुलिस विभाग के बड़े अधिकारियों पर जवानों के शोषण का आरोप भी लगाया है। आरक्षक संजीव मिश्रा ने दुर्ग कलेक्टर को पत्र देकर 23 मार्च को पुलिस विभाग द्वारा दिए गए किट को सिर पर लेकर पटेल चौक पदयात्रा कर नवा रायपुर पुलिस मुख्यालय में जाकर अधिकारियों को अपना त्यागपत्र सौंपेंगे। पत्र में उसने लिखा कि इस्तीफा देने के बाद जो भी सीपीएफ राशि मिलेगी उस राशि से एक पुलिस जवान को मकान बना कर दिया जाए और जो भी पेंशन मिले, उससे पुलिस परिवार के बच्चों के पढ़ाई में उपयोग किया जाये। आरक्षक संजीव मिश्रा ने अपने दिए गए पत्र के मुताबिक ही गुरुवार को पदयात्रा शुरू की। दुर्ग पुलिस ने उसे भिलाई नगर थाने के पास दोनों आरक्षकों को गिरफ्तार कर लिया।




