भिलाई Bhilai. आकाशगंगा सुपेला भिलाई स्थित मेहुल कार्ड्स की दुकान में चोरी हो गई। चोर ने बीती रात दुकान में घुसकर बड़े आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर ने दुकान के गल्ले से नगदी व और एक आईफोन पार कर दिया। चोरी का पता सुबह उस समय चला जब दुकान के संचालक सचिन सेजपाल दुकान खोलने पहुंचे। खास बात यह रही कि दुकान का ताला जैसे का वैसे ही लगा था लेकिन दुकान के अंदर का नजारा कुछ और ही था।

मेहुल कार्ड्स के संचालक सचिन सेजपाल ने बताया कि सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो ताला लगा हुआ था। ताला खोलकर जब अंदर पहुंचे तो सारा सामान बिखरा हुआ था और गल्ले से लगभग 5 से 6 हजार रुपए गायब थे और यहां रखा हुआ एक आईफोन भी नहीं मिला। चोर ने पहले दुकान में घुसकर पावर सप्लाई बंद की ताकि वह सीसी टीवी कैमरे में न दिख सके। उसके बाद उसने गल्ले से रुपए व आईफोन निकाला और फरार हो गया। चोर ने दुकान का शटर चाबी से खोला और जाते समय बंद करके गया। फिलहाल इस मामले में सुपेला पुलिस से शिकायत की गई है।




