कोलकाता (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल में चंद माह बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने कमर कस ली है। दोनों ही पार्टियों के बीच राज्य में वार-पलटवार का सिलसिला जारी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के ताजा दौर व उसमें उन पर हमले से बवाल के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक बार फिर राज्य का दौरा करेंगे। अमित शाह 19 और 20 दिसंबर को पश्चिम बंगाल में रहेंगे।
अमित शाह बंगाल दौरे के समय भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे, इसके अलावा पार्टी के अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे और बैठकें करेंगे। पिछले कुछ दिनों में अमित शाह का यह दूसरा दौरा होगा। हाल ही में वो पश्चिम बंगाल में दो दिन रहे थे। इस दौरान उन्होंने मतुआ समुदाय के लोगों से मुलाकात की थी। वह पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी मिले थे और उनके साथ खाना भी खाया था।





