भिलाई। रिसाली नगर निगम चुनाव के बहुप्रतीक्षित नतीजे आ गए हैं। यहां कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत हासिल किया है। 40 सीटों वाले रिसाली नगर निगम में कांग्रोस को कुल 22 वार्डों में जीत मिली है। इस जीत को गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की जीत माना जा रहा है। रिसाली नगर निगम का गठन उन्हीं की पहल का परिणाम था। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित नगर निगम क्षेत्र में 100 करोड़ से ज्यादा के कार्य भी स्वीकृत करवाए। वहीं चुनाव अभियान की कमान भी थामी और सुबह से लेकर देर रात तक वार्डों में सक्रिय भी रहे।
जिले के महत्वपूर्ण रिसाली नगर पालिका निगम में कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया दिया है। निगम के 40 वार्डों में से 22 में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। वहीं भाजपा के भी 11 प्रत्याशी जीते हैं। 7 सीटों पर निर्दलीय एवं अन्य काबिज हुए हैं। इनमें से कई निर्दलीय कांग्रेस के समर्थक बताए जा रहे हैं। हालांकि इन्हें कांग्रेस का बागी नहीं कहा जा सकता।
रिसाली क्षेत्र में 20 दिसंबर को हुए मतदान में लगभग 63 प्रतिशत मतदान हुआ था। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने रिसाली में पार्टी की अभूतपूर्व जीत को भूपेश बघेल सरकार की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने विकास को चुना है। श्री साहू अपने चुनाव अभियान के दौरान कहते रहे हैं कि कांग्रेस का महापौर बनने की स्थिति में रिसाली क्षेत्र में विकास के द्वार खुलेंगे, जबकि दूसरी पार्टी का महापौर बनने पर क्षेत्र का विकास अवरूद्ध हो सकता है, क्योकि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और दूसरी पार्टी का नेता वहां से विकास कार्यों के लिए राशि लाने में सक्षम नहीं होगा। बहरहाल, रिसाली के नतीजों को गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की जीत माना जा सकता है, क्योंकि नवगठित रिसाली नगर निगम श्री साहू के दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। हालांकि कांग्रेस की जीत को भूपेश बघेल सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों की जीत भी बताया जा रहा है।





