भिलाई। निर्दलियों और भाजपा के लगातार शासन के बाद इस बार कांग्रेस का दांव सफल साबित हुआ है। भिलाई-3 चरोदा नगर निगम में पहली बार कांग्रेस की स्थानीय सरकार आ गई है। कुल 40 वार्डों में से कांग्रेस को 21 वार्डों में जीत हासिल हुई है। वहीं भाजपा को 15 व निर्दलियों के खाते में कुल 4 वार्ड गए हैं। दुर्ग जिले से आने वाला यह तीसरे निकाय का नतीजा है। इससे पहले जामुल पालिका के परिणाम घोषित हुए थे, जहां भाजपा का अध्यक्ष बनना तय हो गया है। इसके बाद रिसाली नगर निगम के नतीजे आए। यहां कांग्रेस ने जीत का ध्वज लहराया। अब भिलाई-चरोदा नगर निगम में भी जीत के साथ कांग्रेसी जश्न मना रहे हैं।
मतगणना के बाद कई वार्डों में भाजपा की जीत के आक्रोश जाहिर करने वाले कांग्रेसियों ने भिलाई-चरोदा नगर निगम में जश्न मनाना शुरू कर दिया है। यहां पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व केबिनेट मंत्री गुरू रूद्रकुमार का क्षेत्र होने के कारण इस नगर निगम में कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर थी। गुरू रूद्रकुमार ने इस निगम पर कब्जा करने के लिए काफी परिश्रम किया। प्रारम्भ से ही इस क्षेत्र में माहौल कांग्रेस के पक्ष में था। हालांकि कई तरह की गोपनीय रिपोर्ट बता रही थी कि इस बार चरोदा निगम पर भाजपा का कब्जा हो जाएगा। किन्तु मतदाताओं ने इस गोपनीय रिपोर्ट को नकार दिया।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से यहां चुनाव की कमान पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने संभाली थी। आमतौर पर ऐसा माना जाता है कि जिस क्षेत्र की कमान बृजमोहन को मिलती है, वहां पार्टी की जीत तय हो जाती है। इस बार यह धारणा भी टूट गई। उल्लेखनीय है कि पिछले नगर निगम चुनाव में भी तत्कालीन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने चरोदा नगर निगम की कमान संभाली थी और पार्टी का महापौर बनवाने में अहम् भूमिका भी निभाई थी। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद ऐसा कहा जा रहा था कि श्री अग्रवाल समेत अन्य लोग पहले की तरह उत्साह नहीं दिखा रहे हैं। इसकी झलक उस वक्त भी देखने को मिली थी, जब बृजमोहन ने सभी पार्टी प्रत्याशियों का एकसाथ नामांकन दाखिल कराने की योजना बनाई थी। उनकी यह योजना बुरी तरह असफल रही और खुद पार्टी के प्रत्याशी व कार्यकर्ता सामूहिक नामांकन रैली में शामिल नहीं हुए थे।

डाक मतों में भी मारी बाजी
आज सुबह मतपेटियां खुलने के साथ ही डाक मतों की गिनती सबसे पहले हुई। भिलाई-3 चरोदा नगर निगम में हुई डाक मतों की गिनती में कांग्रेस को लीड मिली। उसे कुल 26 डाक मत हासिल हुए। वहीं भाजपा को कुल 16 व निर्दलीय प्रत्याशियों को 20 डाकमत मिले। सर्वाधिक 4 डाक मतपत्र वार्ड क्रं. 9 के निर्दलीय प्रत्याशी को मिले। वहीं कांग्रेस के वार्ड क्रं. 18 के प्रत्याशी को कुल 10 डाक मत पत्र मिले।




