भिलाई। रायपुर के बीरगांव नगर निगम में कांग्रेस को लगभग बहुमत मिला है। 40 सीटों वाले बीरगांव नगर निगम में बहुमत के लिए 21 वार्डों में जीत की दरकार थी, जबकि कांग्रेस को 19 सीटें मिली है। भाजपा के 10 प्रत्याशी जीतकर आए हैं, जबकि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के 6 प्रत्याशियों को जीत हासिल हुई। 5 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। बताया जा रहा है कि इनमें से कई निर्दलीय कांग्रेस के समर्थक हैं। इस आधार पर बीरगांव में कांग्रेस की सत्ता आती दिख रही है।
वहीं, चुनाव के पहले और मतगणना के दिन चर्चा में रहे गाजीनगर इलाके के वार्ड 28 और 29 में भी कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस के रियाज और इकराम दोनों सीटों पर जीतने में कामयाब रहे हैं। यह वही गाजीनगर है, जहां के एक मकान में बोगस वोटर होने की शिकायत बीजेपी ने प्रशासन से की थी। मतदान के दिन भी इस इलाके में बीजेपी के 2 विधायकों ने मोर्चेबंदी कर दी थी।
जैसे-जैसे परिणाम घोषित हो रहे हैं। वैसे-वैसे मतगणना स्थल से कोई खुशी मनाकर लौट रहा है तो कोई दुखी है। ऐसा ही हुआ वार्ड 33 में, जब निर्दलीय प्रत्याशी पुन्नी साहू के हार की खबर आई। यह खबर सुनते ही पुन्नी साहू का पति बेहोश हो गया। वह जमीन पर ही पड़ा रहा। पुन्नी साहू के पति ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। आरोपी के बाद अब इस सीट में रिकाउंटिंग होती रही। यहां निरस्त किए गए वोटों को फिर से जांचा जा रहा है। इसके अलावा वार्ड नंबर 11 में भी फिर रिकाउंटिंग की जा रही है।

यहां आए पहले परिणाम में दानवीर भामाशाह वार्ड क्रमांक 3 से कांग्रेस के शिव साहू विजयी हो गए हैं। वे उरला क्षेत्र से चुने गए हैं। इसके बाद आए दो और वार्ड 7 और 19 के परिणाम में कांग्रेस के प्रत्याशी कृपा राम निषाद और आनंद मोहन सिंह जीत गए हैं। वार्ड क्रमांक 2 से उबारन दास बंजारे 451 वोट हासिल कर जीत गए हैं। वार्ड 4 से कांग्रेस की पुष्पा यादव ने 359 वोट प्राप्त किए और जीत गईं। वार्ड क्रमांक 20 से भाजपा की शकुन साहू 514 पाकर जीत गई हैं।




