जयपुर (एजेंसी)। राजस्थान की राजधानी जयपुर के मालवीय नगर में रविवार सुबह एक तेंदूआ तीन घंटे तक क्षेत्र के मकानों की छतों पर उत्पात मचाता रहा। गनीमत रही कि इस दौरान उसने किसी पर हमला नहीं किया। वह एक छत से दूसरी छत और दूसरी से तीसरी पर उछलता-कूदता रहा। दहशत के बीच कुछ लोगों ने उसके फोटो व वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किए।
जयपुर की इस पॉश कॉलोनी के सेक्टर सात में एक मकान की छत पर सुबह करीब आठ बजे तेंदुए के गुर्राने की आवाज आते ही इलाके के लोग चमक उठे। यह मकान सूना पड़ा है। लोगों ने जाकर दूर से देखा तो एक खिड़की में तेंदुआ नजर आया। उसे देख लोग भाग निकले और पुलिस व वन विभाग को सूचना दी। टीम पहुंची तब तक कॉलोनी के लोग डर के मारे अपने घरों के दरवाजे बंद कर बैठे रहे।
कुछ देर बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकडऩे के इरादे से उसे ट्रेंकुलाइज करने का प्रयास किया तो वह सूने मकान से निकलकर छत पर चला गया। फिर वह एक छत से दूसरी छत पर दौड़ता रहा। उसने टीम को बुरी तरह छका दिया। उसे बमुश्किल करीब 11:30 बजे ट्रेंकुलाइज किया जा सका। बेहोश होते ही टीम ने उस पर जाल डाला और फिर पिंजरा वाहन में डाल दिया।

वन विभाग के अनुसार तेंदुआ जयपुर के समीप झालाना के जंगल से शहरी क्षेत्र में आ गया था। अच्छा यह रहा कि उसने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। रेस्क्यू टीम में वन विभाग के रेंजर जनेश्वर चौधरी, डॉ. अशोक चौधरी, डीएफओ अजय चित्तौड़ा व सहायक वनपाल सुरेश चौधरी शामिल थे।




