रायपुर। मणिपुर में शनिवार को उग्रवादी हमले में रायगढ़ के रहने वाले वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी के बड़े बेटे कमांडेंट विप्लव त्रिपाठी (41) शहीद हो गए। उनके साथ उनकी पत्नी अनुजा शुक्ला (37) और 6 साल के बेटे अवीर त्रिपाठी की भी जान चली गई है। घात लगाए उग्रवादियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया जिससे उनकी गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी का परिवार को शनिवार सुबह बेटे के शहीद होने की खबर मिली।
इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मणिपुर राज्य के चुराचन्दपुर जिले के ग्राम सियालसी के समीप हुए उग्रवादी हमले की निंदा की है। इस उग्रवादी हमले में दैनिक बयार रायगढ़ के सम्पादक एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री सुभाष त्रिपाठी के पुत्र कर्नल विप्लव त्रिपाठी, बहू श्रीमती अनुजा त्रिपाठी एवं पांच वर्षीय पौत्र अबीर त्रिपाठी शहीद हो गए। यह घटना आज पूर्वान्ह 11.30 बजे उस वक्त घटित हुई, जब कर्नल विप्लव त्रिपाठी, बिहांग को-पोस्ट का विजिट कर वापस लौट रहे थे। सियालसी गांव के पास एम्बुस लगाएं उग्रवादियों ने हमला कर दिया, जिसमें वे और उनके परिवार के लोग शहीद हो गए। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने उग्रवादी हमले को कायराना कृत्य करार देते हुए इसकी कड़े शब्दों में भत्र्सना की है। उन्होंने कर्नल विप्लव त्रिपाठी की शहादत को नमन करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।




