लखनऊ (एजेंसी)। यूपी में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एलान किया है कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान ये बयान दिया। अखिलेश यादव विधान परिषद सदस्य रहे हैं। उनके इस एलान से यह स्पष्ट हो गया है कि इस बार भी वह विधान परिषद के जरिए ही सदस्य बनेंगे। वह इन दिनों आजमगढ़ से लोकसभा सदस्य हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी 2017 में जब मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी तब वह गोरखपुर से सांसद थे बाद में वह विधान परिषद के जरिए सदन के सदस्य बनें। हालांकि, इस बार उनके अयोध्या से चुनाव लडऩे के कयास लगाए जा रहे हैं।
यूपी में पांच साल सत्ता में रहने के बाद इस बार के चुनाव में भाजपा को सपा से ही मुख्य चुनौती मिलती हुई नजर आ रही है। अखिलेश यादव के साथ ही सपा कार्यकर्ता भी जोश से भरे हुए नजर आ रहे हैं। सपा अध्यक्ष विजय रथ यात्रा पर हैं। वहीं, भाजपा की तरफ से गृहमंत्री अमित शाह ने भी चुनावी शंखनाद कर दिया है। भाजपा यूपी में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी।





