भिलाई। पुलिस के दुर्ग जिला विशेष शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अश्वनी कुमार सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलेगा। केन्द्रीय गृह मंत्रालय की गणतंत्र दिवस के मौके पर घोषित की गई सूची में अश्वनी कुमार सिंह का चयन सराहनीय कार्यों के लिए किया गया है।
पुलिस विभाग में लंबेे समय से सेवा दे रहे प्रधान आरक्षक अश्वनी कुमार सिंह को सराहनीय कार्यों के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक दिए जाने की घोषणा हुई है। अश्वनी को इस सम्मान से आने वाले 15 अगस्त को स्वतंत्र दिवस समारोह के दौरान नवाजा जाएगा। उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक दिए जाने की घोषणा होने पर पुलिस विभाग के उनके सहकर्मी तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने बधाई दी है।
1 जून 2012 को आरक्षक से प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नत अश्वनी कुमार सिंह ने 12 दिसंबर 1988 को बाल आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा की शुरुवात की थी। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद 13 दिसंबर 1996 को वे दुर्ग जिला पुलिस में आरक्षक बने। पीटीएस रीवा में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उनकी पहली पदस्थापना तात्कालीन मध्यप्रदेश के अविभाजित दुर्ग जिलांतर्गत गुरुर थाने में हुई। इसके पश्चात दुर्ग जिले में ही मोहन नगर थाना, एसपी कार्यालय, सुपेला, नंदिनी, बेरला थाना, पुन: एसपी कार्यालय, अंजोरा, भिलाई नगर थाना, फिर से एसपी कार्यालय में सेवा देने के बाद वर्तमान में जिला विशेष शाखा दुर्ग में पदस्थ हैं।
प्रधान आरक्षक अश्वनी कुमार सिंह को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस पदक…. सराहनीय कार्य के लिए हुए चयनित
