नई दिल्ली (एजेंसी)। कोरोना संक्रमण के मामले में देश में रोजाना नया रिकार्ड बन रहा है। रोज ही मरीजों की संख्या में बेताहाशा वृद्धि हो रही है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय बढ़ते मरीजों की संख्या की वजह अत्याधिक मात्रा में हो रहे टेस्ट को बता रहा है। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों को देेखें तो देश भर में कोरोना संक्रमितों ेकी संख्या 17 हजार के करीब पहुंच गई है। वहीं कुल संक्रमित भी चार लाख 73 हजार के पार पहुंच गए हैं। वहीं अब तक देशभर में मृतकों की संख्या भी 15 हजार के पास पहुंच गई है। कोरोना संक्रमण की यही रफ्तार रही तो शनिवार तक पांच लाख संक्रमित हो जाएंगे।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 16,922 नए मामले सामने आए हैं और 418 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 4,73,105 हो गई है, जिनमें से 1,86,514 सक्रिय मामले हैं, 2,71,697 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 14,894 लोगों की मौत हो चुकी है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से बताया गया कि देशभर में 24 जून तक 75,60,782 नमूनों का परीक्षण किया गया। पिछले 24 घंटे में 2,07,871 नमूनों का परीक्षण किया गया है।
राजधानी दिल्ली ने मुंबई को पीछे छोड़ा
राजधानी दिल्ली ने कोरोना संक्रमण के मामले में मुंबई को भी पीछे छोड़ दिया है। दिल्ली सरकार द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक राजधानी में मरीजों की संख्या 70 हजार से अधिक होने की पुष्टि की है। वहीं महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 69528 होने की जानकारी दी है।