भिलाई। प्रदेश में अब दुकानों के खुलने व बंद होने के समय में परिवर्तन कर दिया गया है। अब प्रदेश भर में अनुमति प्राप्त दुकानें सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक खोली जा सकेंगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कारोबारियों की मांग और आमजन की सहुलित को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में अनुमति प्राप्त दुकानों, व्यावसायिक एवं अन्य प्रतिष्ठानों को सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है।

पहले राज्य सरकार द्वारा इन दुकानों को सुबह 7 से शाम 7 बजे तक ही संचालन की अनुमति दी गई थी जिसमें आंशिक संशोधन किया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आज सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालन की अनुमति प्राप्त सभी दुकानों, व्यवसायिक एवं अन्य प्रतिष्ठानों को सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक खुली रखने के संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। दुकानों के संचालन के संबंध में पूर्व में जारी अन्य निर्देश यथावत लागू रहेंगे।