नई दिल्ली/रायपुर (एजेेंसी)। उत्तर भारत में गर्मी और लू कहर ढा रही है। दिल्ली की तपिश ने मंगलवार को 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वहीं, 22 साल में दूसरी बार दिल्ली का पारा 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा था। इससे पहले 19 मई 2002 में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस और 29 मई 1998 को 46.5 दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक पूरी दिल्ली लू की चपेट में रही। पालम 47.6 डिग्री सेल्सियस के साथ लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म रहा। दिल्ली में मंगलवार न केवल इस सीजन में अब तक का सबसे गरम दिन रहा, बल्कि वर्ष 2002 के बाद पहली बार तापमान 46.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
28 मई के बाद आएगी पारे में गिरावट
दिल्ली-एनसीआर में अभी उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इससे पूरी दिल्ली के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 28 मई से तापमान में गिरावट आएगी क्यों कि हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम से बदलकर पुरवा हो जाएगी। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ का भी असर दिल्ली में रहेगा।

लू के थपेड़ों से छत्तीसगढ़ परेशान, लोग हो रहे बेहाल
छत्तीसगढ़ गर्मी का सितम झेल रहा है। नौतपा के शुरुआत से ही गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। नौतपा के पहले दिन से ही गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। गर्म हवाओं के थपेड़े सुबह से ही चलने लगे हैं। वहीं, लू की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया था। राजधानी रायपुर में भी गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। पारा 45 डिग्री के पास पहुंच गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम दिशा से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं की वजह से छत्तीसगढ़ में हीट वेव के हालात बने हुए हैं। बिलासपुर संभाग में लू चलने की चेतावनी भी दी गई। वहीं, भिलाई के मैत्री बाग में जानवरों को गर्मी से बचाने के लिए शावर की व्यवस्था की गई। लोगों को दोपहर 1 बजे से 5 बजे तक घरों पर ही रहने की सलाह भी दी गई है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ से तमिलनाडु तक स्थित है। हवा की दिशा में परिवर्तन के कारण 27 मई को प्रदेश के सभी संभागों के अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। इस वजह से प्रदेश में लू की स्थिति कम हो सकती है। वहीं प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की वर्षा होने की भी संभावना है।

दुर्ग सबसे गर्म
छत्तीसगढ़ में गर्मी का सितम देखने को मिल रहा है। दुर्ग सबसे अधिक गर्म रहा जहां तापमान 45.9 तक पहुंचा गया है। वहीं बिलासपुर 45.8, माना रायपुर 44.6 और राजनांदगांव 45.5 तापमान रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है। फिर भी लू के आसा बने हुए हैं।