मंदसौर (एजेंसी)। मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक बाइक सवार सहित कार सवार छह लोगों की मौत हो गई। वहीं चार लोग घायल हो गए जिन्हें इलाज हेतु जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि आंतरी माता जी के दर्शन के लिए जा रही कार बाइक से टकराकर बिना मुंडेर के कुए में जा गिरी। सूचना पर पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। कार सवार सभी लोग उन्हेल के बताए जा रहे है। जानकारी मिलने पर मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और डीआईजी मनोज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के बूढ़ा-टकरावत फंटे पर रविवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक बेकाबू ईको वैन ने पहले बाइक को टक्कर मारी, फिर खुद बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर है। वहीं घायलों को बचाने के लिए कुए में उतरे दौरवादी निवासी मनोहर सिंह नमक युवक की भी गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई। बाइक सवार गोबर सिंह, निवासी आबाखेड़ी की मौके पर मौत की पुष्टि हो चुकी है। वैन में सवार एक अन्य व्यक्ति और बचाव के लिए कुएं में उतरे एक ग्रामीण की भी जान चली गई। कुल मिलाकर हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की सूचना है। चार लोग घायल बताए गए हैं।


वैन में 10 से अधिक लोग सवार थे, जो उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के मनासा क्षेत्र में स्थित आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वैन के कुछ यात्री अब भी कुएं में फंसे हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसे में घायल तीन साल की बच्ची समेत चार लोगों को सुरक्षित निकालकर मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कलेक्टर अदिति गर्ग, एसपी अभिषेक आनंद, एडिशनल एसपी गौतम सोलंकी और एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी मौके पर पहुंच गए। बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। जिला अस्पताल से ऑक्सीजन सिलेंडर भी मौके पर भिजवाए गए हैं ताकि फंसे हुए लोगों को राहत दी जा सके।


उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने बताया कि चालक ने वैन पर से नियंत्रण खो दिया था, जिसके बाद वैन सड़क से उतरकर कुएं में गिर गई। उन्होंने कहा, मृतकों की संख्या स्पष्ट नहीं है। वैन में दो बच्चों समेत 13 लोग सवार थे। चार लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान अब जारी है। कुएं में जहरीली गैस का रिसाव हो रहा है।