भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत फरीद नगर में बीती रात एक एक सिरफिरे आशिक ने लड़की के परिजनों से मारपीट कर चाकूबाजी की। युवती ने उससे बात करने से मना कर दिया था, इस बात से गुस्से में आकर आरोपी युवक ने युवती के परिवार वालों पर जानलेवा हमला किया है। इस घटना में युवती के परिवार से 3 लोग घायल हो गए हैं। घटना का सीसी टीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह बुधवार रात की घटना है। युवक मो. सलीम आलम का समाज की ही एक लड़की की जान पहचान थी। मो. सलीम आलम और युवती की जान-पहचान बढ़ी और दोनों एक दूसरे से बात करने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर लड़की को उसके घरवालों ने युवक से बात नहीं करने की हिदायत दी जिसके बाद लड़की ने बातचीत बंद कर दी। इससे लड़का इतना नाराज हो गया और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लड़की और उसकी मां का मोबाइल नंबर वायरल कर दिया।

इसके बाद वह बुधवार रात कुछ लोगों के साथ लड़की के घर पहुंच गया। वहां झगड़ा करने लगा। लड़की के परिजनों के मुताबिक जब युवक का उन्होंने विरोध किया तो चाकू, लात घूंसे और लाठी-डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी घटना में 3 लोगों को गहरी चोट आई है। उन्हें दे रात लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला ले जाया गया। इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया। वहीं इस मामले में दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज किया गया है। लड़की पक्ष से अरशद अली (43) की शिकायत पर मो. सलीम, आफताब आलम, अफसाना यास्मिन के खिलाफ मारपीट गाली-गलौज का मामला दर्ज किया है। वहीं मो. सलीम आलम (19) की शिकायत पर सानिया हर्षद अली और अन्य के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज का मामला दर्ज किया है।
