अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक युवक ने 8 माह की गर्भवती प्रेमिका की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना के बाद पुलस ने शव बरामद किया और पीएम रिपोर्ट आने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार किया और उसे जेल भेज दिया। खासबात यह है कि युवक ने अपनी प्रेमिका से डेढ़ माह पहले ही शादी की थी। उसे शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड के पेट में उसका बच्चा नही हैं। यह पूरा मामला सरगुजा के दरिमा थाना क्षेत्र के जयपुर गांव का है।

मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम अनिल सिंह यादव (19) और प्रेमिका का नाम अनिला सिंह (22) है। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और लिव इन रिलेशन में रह रहे थे। इस बीच युवती गर्भवती हो गई। चुंकि प्रेमी नाबालिग था इसलिए शादी नहीं की। डेढ़ माह पूर्व शपथ पत्र बनवाकर उसने शादी की थी। यह घटना 28 जनवरी की बताई जा रही है। अनिला सिंह को किसी का फोन आया और वह चली गई। इसके बाद वह नहीं लौटी।
दूसरे दिन खेत में मिला शव
पुलिस ने बताया कि अनिला के गायब होने के बाद परिजनों ने रातभर उसकी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद 29 जनवरी को पता चला कि खेत में किसी युवती का शव है। पुलिस व परिजन पहुंचें और शव की पहचान अनिला सिंह के रूप में हुई। शुरुआती जांच में हत्या का मामला लग रहा था। पीएम रिपोर्ट में भी गला घोंटकर मारे जाने की पुष्टि हुई। पुलिस को पता चला कि अनिला सिंह लिव इन रिलेशन में अनिल यादव के साथ रह रही थी। घटना के बाद से वह फरा है।
पुलिस ने संदेही की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में अनिल यादव ने हत्या की बात मान ली। अरोपी ने बताया कि उसने अनिला सिंह से प्रेम विवाह किया था लेकिन उसे शक था कि उसकी प्रेमिका का किसी और से संबंध है। आठ माह की गर्भवती होने के बाद उसे शक था कि बच्चा उसका नहीं है। 28 जनवरी को उसने अनिला को फोन करके खेत में बुलाया और यहां पर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद होने पर अनिल सिंह ने गला दबाकर अनिला सिंह की हत्या कर दी। मौके से भाग निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने जेल भेज दिया है।