भिलाई। नगर पालिका निगम भिलाई के टाउनशिप क्षेत्र में सेक्टर 4 बोरिया मार्केट के पास सर्व सुविधायुक्त सार्वजनिक शौचालय निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है। शहर में पहली बार इस प्रकार का 10 सीट वाला शौचालय बन रहा है, जो बायोडिग्रेडेबल, पूरी तरह से आधुनिक, प्रदूषण मुक्त होगा। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत इसका निर्माण किया जा रहा है।
बता दें बोरिया मार्केट शहर के सबसे प्रख्यात बाजारों में से एक हैं। यहां लगने वाले साप्ताहिक बाजार में हर सप्ताह सैकड़ों व्यापारी अपना व्यापार करते हैं और वैसे ही हजारों लोग यहां खरीदारी करने पहुंचते हैं। यहां एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं होने के कारण व्यापारियों के साथ ही यहां खरीदारी करने पहुंचने वाले लोगों को भी समस्या का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए यहां सार्वजनिक शौचालय निर्माण का कार्य शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों ने किया विरोध
कुछ दिन पूर्व नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी आधुनिक शौचालय के निर्माण हेतु ले-आउट करने पहुंचे तो कुछ स्थानीय लोगों द्वारा अनावश्यक रूप से विरोध किया। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के आने के बाद उनके द्वारा पहल किया गया। भिलाई स्टील प्लांट एवं पुलिस बल की सहयोग हेतु पत्र लिखा गया। गुरुवार को पुलिस बल के सहयोग से लेआउट करके कार्य प्रारंभ कराया गया। स्थानी व्यापारियों एवं लोगों को जो परेशानी थी उसके बारे में उन्हें समझाया गया। केंद्र सरकार के सहयोग से सर्व सुविधा युक्त आधुनिक शौचालय निर्मित हो रहा है। इस प्रकार का शौचालय सबके लिए बहुत उपयोगी होगा। भिलाई-दुर्ग क्षेत्र मंर नई पद्धति से आधुनिक प्रकार का शौचालय पहली बार बन रहा है। अंत में सबके सहमति से शौचालय के ले-आउट करके निर्माण शुरू किया गया। इस दौरान जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, अभियंता बसंत साहू, दीपक देवांगन, भिलाई स्टील प्लांट के अतिक्रमण हटाओ दल, भट्टी थाने से पुलिस बल आदि उपस्थित रहे।
