जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर में बीती रात अज्ञात हमलावरों ने मां- बेटे की हत्या कर दी। घटना शहर के व्यस्तम मार्ग अनुपमा चौक इलाके की है। अज्ञात लोगों ने यहां रहने वाले गुप्ता परिवार के तीन लोगों पर जानलेवा हमला किया। जिसमें परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों के कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे कार्रवाई शुरू कर दी है। एक घायल को उपचार के लिए मेकाज ले जाया गया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनलुसार अनुपमा चौक निवासी गायत्री गुप्ता (50) vius बेटे नीलेश गुप्ता (32) और नितेश गुप्ता (29) के साथ रहती थी। बुधवार रात को अचानक कुछ अज्ञात लोगों ने पीछे के दरवाजे से घुसकर मा-बेटों पर हमला कर दिया। इसमें गायत्री गुप्ता व नीलेश गुप्ता की मौत हो गई। वहीं नितेश् गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के अलावा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
धारदार हथियार से हमला
पुलिस के अनुसार हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला किया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले महिला को मारा और फिर उसके दोनों बेटों पर हमला कर दिया। जिससे महिला गायत्री और उसके बेटे नीलेश की मौत हो गई, जबकि नितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरुवार की सुबह पड़ोसियों ने सबसे पहले यह नजारा देखा। कमरे में मां-बेटे की लाशें पड़ी थी और दूसरे कमरे में नितेश गंभीर रूप से घायल पड़ा था। इसके बाद पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
लूट के इरादे से घर में घुसे थे बदमाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए SP शलभ सिन्हा समेत पुलिस के अन्य अधिकारी और जवान मौके पर पहुंच गए। पंचनामा के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घायल नितेश को अस्पताल पहुंचाया गया। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी खुली थी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि अज्ञात लोग लूट के इरादे से आए होंगे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हत्या करने वाले कौन हैं और घर से कितने की लूट हुई है इसकी जांच की जा रही है। मृतक निलेश शहर में किराना दुकान चलाता था और उसका भाई नितेश दूसरा काम करता था। इस घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में लग गई है। घटना स्थल पर डाग स्क्वाड व फोरेंसिक टीमें भी पहुंची। इधर पुलिस घटना स्थल के आसपास के सीसी टीवी कैमरों की जांच कर रही है।