बिलासपुर। देश की राजधानी दिल्ली और बिलासपुर के बीच सीधी विमान सेवा शुरू हो गई है। मंगलवार की सुबह 11 बजकर 25 मिनट पर दिल्ली से 72 सीटर विमान ने बिलासा एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। यह विमान दिल्ली से 42 यात्रियों को लेकर बिलासपुर पहुंचा। दिल्ली से फ्लाईट आने पर हवाई सुविधा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने तालियों से इसका स्वागत किया। वहीं एयरपोर्ट प्रबंधन के कर्मचारियों ने वाटर कैनन से स्वागत किया। दिल्ली से आने के आधे घंटे बाद बिलासपुर से 31 यात्रियों ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
बिलासपुर से दिल्ली के बीच हवाई सेवा शुरू होने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी खुशी जताई है। उन्होंने अपने ट्वीटर हैंडल के जरिए बिलासपुर से दिल्ली के बीच विमान सेवा की शुरुआत को लेकर खुशी जताई। सीएम ने लिखा है कि देश की राजधानी दिल्ली से बिलासपुर हवाई मार्ग से जुड़ गया है। बिलासपुर अंचल की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है। हमारे निरंतर प्रयासों से आज सीधे दिल्ली से बिलासपुर की नियमित उड़ान सेवा प्रारंभ हुई है।