महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शुक्रवार आधीरात के बाद आईईडी ब्लास्ट की घटना सामने आई है। छत्तीसगढ़ ओड़िशा बार्डर पर महासमुंद जिले के अंतिम गांव में सरपंच का मकान उड़ाने के लिए ब्लास्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। धमाके के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। मामला जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना महासमुंद जिले के बागबहरा ब्लॉक से लगे ओड़िशा सीमा पर स्थित टेमरी गांव की है। गांव के उपसरपंच राधे लाल साहू के मकान को उड़ाने के लिए आइडी लगाकर ब्लास्ट किया गया। घटना के दौरान घर के भीतर बच्चे सहित चार सदस्य सोए हुए थे। आधीरात हुए इस धमाके बाद गांव में दहशत का माहौल है। धमाका सुनने के बाद गांव के लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। हादसे में उप सरपंच के परिवार को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। ब्लास्ट के कारण मकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल ब्लास्ट किसने किया इसकी जांच की जा रही है।