मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अमोल मजूमदार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का कोच बनाया है। बोर्ड ने इसकी घोषणा बुधवार (25 अक्तूबर) को की। सुलक्षणा नाइक, अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की क्रिकेट सलाहकार समिति ने मुख्य कोच के पद के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए आवेदकों का साक्षात्कार लिया। विचार-विमर्श के बाद तीन सदस्यीय समिति ने सर्वसम्मति से अमोल मजूमदार को यह पद संभालने की सिफारिश की।
अमोल मजूमदार ने अपने 21 साल के प्रभावशाली करियर के दौरान प्रथम श्रेणी में 171 मैचों में 30 शतकों की मदद से 11 हजार से अधिक रन बनाए। उन्होंने 100 से अधिक लिस्ट ए गेम्स और 14 टी20 मैचों में भी हिस्सा लिया। उन्होंने मुंबई के साथ कई रणजी ट्रॉफी खिताब जीते और बाद में असम और आंध्र प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने कहा, वे भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के रूप में अमोल मजूमदार की नियुक्ति का स्वागत करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया है कि उनके कार्यकाल में टीम आगे बढ़ती रहेगी और खेल के विभिन्न प्रारूपों में अच्छा प्रदर्शन करेगी।




