बालोद। छत्तीसगढ़ में हाथियों के उत्पात का यह आलम है कि अब पुलिस वालों को भी निशाना बनाने लगे हैं। बालोद में ऐसा नजारा देखने को मिला जिसमें पुलिस वालों की जान आफत में आ गई। सोमवार की रात को बालोद के पुलिस कंट्रोल रूम में हाथी घुस गया। करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस की जान आफत में रही हैं। यहां तक की पुलिस कर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागना पड़ा। वहीं अंदर रहने वाले पुलिस कर्मी जहां के वहीं जमे रहे। करीब दो घंटे बाद हाथी खुद ही चला गया तब जाकर पुलिस कर्मियों की जान में जान आई।
मिली जानकारी के अनुसार बालोद शहर में तंदुला जलाशय से होता हुआ एक हाथी पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंच गया। दंतैल हाथी को सामने देख पुलिसकर्मी जान बचाने के लिए मेज-कुर्सी के नीचे छिप गए। सोमवार क रात करीब 9 बजे से 10.30 बजे तक हाथी वहीं इधर-उधर घूमता रहा। वहां से निकलने के बाद मुख्य मार्ग होते हुए हाथी जुर्री पारा की ओर बढ़ गया। इसके चलते शहर में भी डर फैल गया। इस दौरान पुलिस कर्मी काफी दहशत में दिखे।

जब पुलिस कंट्रोल में हाथी घुसा तो सबसे पहले साइबर सेल के सहायक उप निरीक्षक धरम भुआर्य ने हाथी को देखा। इसके बाद अन्य लोगों जानकारी दी। समय रहते आधे कर्मचारी कार्यालय को छोड़कर निकलने में सफल हो गए, वहीं 15 से 20 कर्मचारी अंदर ही फंसे रहे। इसके बाद दोनों तरफ के चैनल गेट को बंद करके एक कमरे में छिपकर किसी तरह से पुलिसकर्मियों ने समय काटा। पुलिस कंट्रोल रूम में के पास ही कलेक्टर का बंगला भी है। इसके चलते उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई। हालांकि हाथी ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया और वहां से निकल गया।
