भिलाई। भारतीय जनता पार्टी के नेता व वैशाली नगर विधानसभा के विधायक विद्यारतन भसीन का गुरुवार शुक्रवार दरमियानी रात को निधन हो गया। 76 वर्षीय विधायक भसीन पिछले कुछ माह से अस्वस्थ चल रहे थे। अस्वस्थ होने के कारण उन्हें रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान विधायक भसीन ने गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात 2 बजकर 44 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर को रामनगर मुक्तिधाम में किया जाएगा। उनके निधन से भाजपा संगठन व उनके समर्थकों में शोक की लहर है। दो माह पहले भी उन्हें यूरिनल इंफेक्शन की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
विद्यारतन भसीन का जन्म 27 दिसम्बर 1947 को हुआ था। परिवार में उनकी तीन बेटियां हैं। एक ट्रांसपोर्टर होने के साथ ही नगर निगम भिलाई में वे ठेकेदार भी रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद राजनीति में उनकी किस्मत ने उनका भरपूर साथ दिया। विद्यारतन भसीन को वर्ष 2005 में भारतीय जनता पार्टी ने महापौर का टिकट देकर चौंका दिया था। वे चुनाव जीते और 2005 से 2009 तक भिलाई नगर निगम के महापौर रहे।
इसके बाद 2013 में एक बार फिर भाजपा ने वैशाली नगर विधानसभा से उन्हें उतार का बड़ा दांव खेला और इसबार में वे जीत कर विधायक बने। वर्ष 2015 में विद्यारतन भसीन को फिर से एक बाद महापौर का प्रत्याशी बनाया गया। लेकिन कांग्रेस के उम्मीदवार देवेंद्र यादव से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2018 में कांग्रेस की आंधी के बीच दुर्ग जिले से विद्यारतन भसीन एकलौते विधायक थे जिन्होंने अपनी सीट बचा ली। दुर्ग संभाग में भाजपा का एक मात्र विधायक विद्यारतन भसीन ने वैशालीनगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी बदरुद्दीन कुरैशी से 18080 वोट से हराया था।





