जांजगीर-चांपा। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर जिले में 6 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। महिला ने यहां के कोतवाली थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत पुलिस ने शातिर ठग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत कार्रवाई की गई है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ निवासी महिला कल्पना महंत जांजगीर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करती थी। नंवबर 2022 में जांजगीर के कचहरी चौक में अमन राज नाम के युवक से उसकी मुलाकात हुई। अमन राज ने महिला को सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। महिला उसके झांसे में आ गई और 12 दिसंबर 2022 को 2 लाख 53 हजार रुपए दिए। इसके कुछ दिन बाद 3 लाख 47 हजार रुपए और दिए।

रुपए लेने के बाद शातिर ने वाट्सएप के माध्यम से 2 जनवरी 2023 को अनुविभागीय अधिकारी द्वारा लेखापाल नियुक्ति आदेश भेजा। इसके बाद 27 जनवरी 2023 को विधि मंत्रालय द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर नियुक्ति आदेश और 6 फरवरी 2023 को खाद्य नागरिक उपभोक्ता संरक्षण विभाग का नियुक्ति आदेश वाट्सएप पर भेजा। तीन विभागों की नियुक्ति आदेश दिखाने के बाद भी नौकरी पर ज्वाइन नहीं करा रहा था। जब भी महिला उससे पूछती तो वह टाल मटोल कर देता। तंग आकर महिला ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी अमन राज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चार हजार रुपए नगद और 1 मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
