बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार को सड़क हादसे में जिला आबकारी अधिकारी की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल है। आबकारी अधिकारी अपनी पत्नी के साथ रायपुर के लिए निकले थे रास्ते में कार अनियंत्रित हो गई और खंबे से टकराई। हादसे के बाद कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना हिर्री थाना क्षेत्र की है। सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर को यह हादसा हुआ। कोटा स्थित वेलकम डिस्टलरी में विष्णु साहू (31) जिला आबकारी अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। शनिवार की दोपहर को वे अपनी पत्नी भूमिका साहू (30) के साथ रायपुर के लिए निकले थे। इस दौरान विष्णु साहू खुद ही कार चला रहे थे। हाइवे पर भोजपुरी टोल प्लाजा के पहले तालागांव के पर उनकी कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई।

खंबे से टकराने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद आसपास भीड़ इखट्ठी हो गई। मौके से ही पुलिस को सूचना दी गई। हादसे में आबकारी अधिकारी विष्णु साहू व उसकी पत्नी बुरी तरह से घायल हो गए। दोनों को कार से निकालकर सरगावं अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने अधिकारी को मृत घोषित कर दिया है। वहीं उनकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
