बिलासपुर Bilaspur. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जिले के कोटा स्थित मरही माता मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे दर्शनार्थियों की पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप में महिला व बच्चों के साथ 30 से 35 लोग सवार थे। हादसे में एक महिला व बच्चे की मौत हो गई है। वहीं 15 से ज्यादा घायल हैं। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार लोरमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शारदा के लोग मरही माता मंदिर दर्शन करने के लिए पिकअप में सवार होकर गए थे। मंदिर में दर्शन कर जब वापस अपने घर जा रहे थे, इस दौरान ग्राम सलका नवागांव के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा होते देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोटा पुलिस को दी। कुछ देर में ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। घटना स्थल पर अफरा तफरी का माहौल था।
मौके पर पहुंची पुलिस व पेट्रोलिंग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा में भर्ती कराया। डॉक्टर द्वारा घायलों का प्राथमिक इलाज के बाद घायलों गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। इस दुघर्टना में एक बच्ची व दुवशिया यादव नाम की महिला की मौत हो गई। वहीं घायलों को अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस हादसे के कारण का पता लगा रही है।





