कोरबा Korba. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मुर्गी चोरी कर पार्टी करने वाले के खिलाफ थाने में शिकायत पहुंची है। दरअसल महिला ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी ने उसकी मुर्गी चुराई और मारकर पार्टी कर ली। इस मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर एक पड़ोसी को थाने में बिठा दिया तो आधा गांव उसे छुड़ाने थाने पहुंच गया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला कोरबा के नक्तिखार गांव का है। नक्तिखार निवासी धनेश्वर कंवर ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी देसी मुर्गी गांव में रहने वाले पड़ोसी राजेश के खेत की तरफ चली गई थी। राजेश ने उसकी मुर्गी को मारकर पका लिया। इसके बाद पुलिस राजेश को थाने ले आई। पुलिस की पूछताछ में राजेश ने बताया कि वह घर पर था और मुर्गी चोरी व उसे मारने में उसका हाथ नहीं है। उसने बताया कि कुछ लोगों मुर्गी को गुलेल से मारा और उसके खेत में पकाकर खा लिया। राजेश को पुलिस थाने लाने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण सिविल लाइन थाना पहुंचे। गांव वालों ने राजेश पर लगे आरोप को गलत बताया। फिलहाल इस मामले में सिविल पुलिस जांच कर रही है, और जिम्मेदार पर कार्रवाई की बात कही है।