सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों ने बुधवार को बड़ी घटना को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने यहां दूरसंचार के कार्य में लगे मजदूरों को पिटाई कर दी। यहीं नहीं मोबाइल टॉवर लगाने के काम में लगे वाहन को भी आग के हवाले कर दिया। इससे वाहन पूरी तरह से जल गया है। वहीं पिटाई से घायल मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सुकमा के कोंटा थाना क्षेत्र में बंडा के पास दूरसंचार विभाग द्वारा कनेक्टिविटी तेज करने टॉवर लगाया जा रहा है। इस काम में कुछ मजदूरों के साथ दूर संचार विभाग के कर्मचारी भी मौजूद थे। इस बीच अचानक कई नक्सली हथियारों के साथ पहुंचे और दूरसंचार कर्मियों के साथ ही मजदूरों को भी पीटा। नक्सलियों ने यहां टॉवर लगाने का विरोध किया ओर दूरसंचार के कर्मचारियों को पुलिस की शह पर काम करने वाला बताया। पिटाई के बाद मजदूर बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
