नईदिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली व देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को जोड़ने वाली 1386 किलोमीटर की लंबे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का 12 फरवरी रविवार को उद्घाटन होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 12 फरवरी को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश व गुजरात होते हुए महाराष्ट्र मुंबई को जोड़ने वाला यह एक्सप्रेस-वे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे है।
उद्घाटन से पहले केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को शानदार उपलब्धि बताया है। गडकरी ने बताया कि इस एक्सप्रेस-वे को बनाने में 25 लाख टन चारकोल का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा चार हजार प्रशिक्षित इंजीनियरों को इस एक्सप्रेस-वे के निर्माणकार्य में लगाया गया था। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने बताया कि 4 लेन के इस एक्सप्रेस-वे को 24 घंटे में 2.5 किमी तक बिछाया गया है, ये अपने आप में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण की शुरूआत 9 मार्च 2019 को हुई थी और रिकार्ड समय में बनकर तैयार है।

एक्सप्रेस-वे पर होंगी कई सुविधाएं
बता दें दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे है। यह एक्सप्रेस-वे दिल्ली समेत हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से होकर गुजरेगा। इस दौरान सभी राज्यों के कई शहरों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इस एक्सप्रेस-वे पर रेस्टोरेंट, रेस्टरूम, शॉपिंग मॉल, होटल के अलावा अन्य सुविधाएं होंगी। एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। यही नहीं इस एक्सप्रेस वे से दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा का समय 24 घंटे से घटकर केवल 12 घंटे का रह जाएगा। इस एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर 500 मीटर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
