भिलाई। नेशनल हाइवे-53 में कुम्हारी फ्लाई ओवर ब्रिज को अधूरे काम को पूर्ण करने के लिए बिना पूर्व सूचना के अचानक मंगलवार को आवाजाही बंद कर दी गई। जिसके कारण कुम्हारी में दिन भर जाम लगा रहा। हालांकि ट्रैफिक जवान व्यवस्था बनाने में लगेे हैं। दुर्ग से रायपुर आने जाने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे लोगों का कहना है कि अगर पहले से सूचना दी जाती तो वे रोज निकलने वाले समय से पहले निकलते या किसी और रूट से आवाजाही करते। अचानक बंद करने से वे जाम में फंस गए। लोगों ने कहा कि काम के लिए आवाजाही बंद करना जरूरी है तो बंद किया जाए पर इसकी सूचना पहले दे देनी चाहिए।


सप्ताह भर के लिए बंद रहेगा ब्रिज
दुर्ग से रायपुर आवाजाही करने वाले उक्त समय पर वैकल्पिक रास्ता से भी आना जाना कर सकते हैं। निर्माण कंपनी रॉयल इंफ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड कंपनी ने बताया कि निर्माण कार्य के चलते पूरे सप्ताह भर के लिए ब्रिज को बंद करने का निर्णय लिया गया। कंपनी ने यह भी कहा कि जब तक प्रशासन से लिखित में आदेश नहीं मिलेगा तब तक हम ब्रिज को नहीं खोलेेंगे। ब्रिज के दोनों साईड में पूरी तरह बेरिकेटिंग कर ब्रिज के रास्ते को बंद कर दिया गया है।

16 जवान संभालेंगे व्यवस्था
कुम्हारी ब्रिज के दोनों तरफ सर्विसलेन काफी संकरी है। इसके कारण वहां कभी भी जाम लग रहा है। ट्रैफिक व्यवस्था को सभांलने के लिए 16 जवानों को लगया गया है। ये जवान बीएमसी, बैंक ऑफ बडौदा और दोनों तरफ स्टेशन चौक की व्यवस्था को सभांल रहे हैं। एनएच व पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर ने बताया कि ट्रैफिक दवाब को ध्यान में रखते हुए एक तरफ फ्लाई ओवर ब्रिज को खोला गया है, लेकिन उस ब्रिज पर गैप की फिलिंग नहीं हो पाई थी। गैप भरने के लिए ब्रिज को बंद करना पड़ रहा है।
मंगलवार की रात को सूचना दी गई। सर्विसलेन पर व्यवस्था को सभांलने 16 जवानों को लगाया गया है, ताकि जाम न लगे। सात दिन के लिए बंद रखा जाएगा।
सतीश ठाकुर, डीएसपी ट्रैफिक