मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर. छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के एक आदमखोर तेंदुए ने महिला को अपना शिकार बना लिया। घटना रविवार देर शाम की है। मिली जानकारी के अनुसार घटना जिले के कुंवारपुर की है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
गांव लौट रही थी महिला
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार घटना तितौली के बुधौरा जंगल की है। महिला देर शाम जंगल से गांव लौट रही थी, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। बाद में गांव वाले और उसके परिवार ने उसकी तलाश की, तो जंगल में महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। मृतका की पहचान फुलझरिया के रूप में हुई है, जो ग्राम गधौरा की रहने वाली थी।
ग्रामीणों को किया अलर्ट
वन अफसरों का अनुमान है कि तेंदुआ संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान से यहां आ पहुंचा है। यह क्षेत्र संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान और गुरुघासीदास राष्ट्रीय उद्यान से लगा हुआ है। महिला के शिकार की घटना सामने आने के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र के गांवों में मुनादी कराते हुए लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा है।
विभाग ने वन क्षेत्र से लगे गांवों में कर्मचारियों को भेजकर सतर्क रहने सूचना भिजवाई है। वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर जाने से मना किया है। साथ ही गांव में भी अलर्ट रहने को कहा है।
