नईदिल्ली (एजेंसी)। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद देश में विधायकों की संख्या के मामले में भाजपा और मजबूत हो गई है। देशभर में बीजेपी के विधायक बढ़े हैं और वह नंबर 1 पर बनी हुई है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस पार्टी है। वहीं आम आदमी पार्टी के विधायकों की संख्या भी बढ़ गई है। भले ही कांग्रेस पार्टी दूसरे नंबर पर है लेकिन उसके विधायकों की संख्या घट गई है। इसकी वजह गुजरात में पार्टी का निराशजनक प्रदर्शन है।
गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद गुजरात में जहां बीजेपी फिर से सरकार बनाने में कामयाब रही है। वहीं हिमाचल में पांच साल बाद कांग्रेस फिर लौट आई है। गुजरात में आम आदमी पार्टी ने भी पांच सीटें जीत ली हैं। इसी के साथ आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का कहना है कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। उन्होंने दावा किया कि गुजरात के लोगों ने उनकी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बना दिया है।
1370 विधायकों के साथ भाजपा नंबर -1
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 28 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों- दिल्ली और पुडुचेरी को मिलाकर देशभर में 4 हजार 33 विधायक हैं। इसमें 1370 विधायकों के साथ भाजपा नंबर 1 पर है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस है जिसके पास 771 विधायक हैं। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस है जिसके विधायकों की संख्या 215 है, जबकि चौथे नंबर पर 161 विधायकों के साथ आम आदमी पार्टी है।

भाजपा के सबसे ज्यादा 255 विधायक उत्तर प्रदेश
आंकड़ों के मुताबिक भाजपा के 1370 विधायकों में सबसे ज्यादा 255 विधायक उत्तर प्रदेश में हैं। उसके बाद 156 विधायक गुजरात में, मध्य प्रदेश में 109, महाराष्ट्र में 105 और कर्नाटक में 104 विधायक हैं। कांग्रेस की सरकार सिर्फ छत्तीसगढ़, राजस्थान और हिमाचल में है. राजस्थान में कांग्रेस के 100 विधायक हैं. मध्य प्रदेश में 96 विधायक हैं. छत्तीसगढ़ में 68 विधायक हैं. वहीं, हिमाचल में इस बार कांग्रेस ने 40 सीटें हासिल की हैं।
देश के 16 राज्यों में भाजपा व सहयोगियों की सरकार
देश के 11 राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम, गोवा, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में बीजेपी का अपना मुख्यमंत्री है। इनके अलावा महाराष्ट्र, मेघालय, नागालैंड, सिक्किम और पुडुचेरी में बीजेपी सरकार में सहयोगी है। कुल मिलाकर 16 राज्य ऐसे हैं जहां बीजेपी और उसके सहयोगियों की सरकार है।
लोकसभा-राज्यसभा में यह है स्थिति
विधायक ही नहीं भाजपा सांसदों के मामले में भी सबसे आगे हैं। इस समय लोकसभा में सांसदों की संख्या 542 है। इन 542 सांसदों में से 303 सांसद भाजपा के हैं। वहीं लोकसभा में कांग्रेस के पास 53 सांसद हैं। लोकसभा की एक सीट खाली है और अन्य सीटों पर क्षेत्रीय पार्टियों के विधायक हैं। इसके अलावा राज्यसभा में इस समय 239 सदस्य हैं। राज्यसभा में 6 सीटें खाली हैं। राज्यसभा में इनमें से 92 सदस्य बीजेपी के हैं और कांग्रेस के 31 सांसद हैं।




