भिलाई। भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई के अध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया 9 से पदयात्रा की शुरूआत करेंगे। भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ एक शंखनाद पदयात्रा के माध्यम से भिलाई निगम के विभिन्न वार्डों तक पहुंचेंगे। वार्ड नं. 1 से लेकर 70 तक कि इस पदयात्रा में उनके साथ पार्टी के पार्षद एवं छाया पार्षद, पार्टी के वरिष्ठ नेता युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं अन्य मोर्चा प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता शामिल होकर जनता से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान समस्याओं की जानकारी ली जाएगी और उनको एकत्र कर नगर निगम आयुक्त के सामने निराकरण के लिए ज्ञापन के माध्यम से रखी जाएगी।
भ्रष्टाचार में डूबा निगम
बिचपुरिया ने बताया कि नगर निगम पूरी तरीके से भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। लम्बे समय से व्याप्त भ्रष्टाचार, नियमित एवं ठेका कर्मचारियों को समय पर वेतन ना मिलना, निगम क्षेत्र में नालियों की सड़को की सफाई ना होना और गन्दगी और कचरे का अम्बार लगना, नालियों के अंदर से वाटर पाइप लाइन और गंदे पानी का पाइप एक साथ हो जाने के कारण प्रदूषित जल लोगों के घर में पहुंचना, पानी टंकियों की सफाई ना होने के कारण लोगों को प्रदूषित जल पीने के लिए मजबूर होना जैसे कई बड़ी समस्याएं शहर भर में है। उन्होंने बताया कि इन सब कारणों से पिछले दिनों डायरिया का प्रकोप पूरे कैंप एवं अन्य क्षेत्रों में फैला जिसकी वजह से दो परिवारों ने अपने घर के सदस्यों को खो दिया जिन्हें आज तक कोई भी मुआवजा या सहायता उन परिवारों को नहीं दी गई। आज भी डायरिया के मरीज लगातार गंदे पानी पीने की वजह से इस रोग से ग्रसित होकर के पीडि़त हो रहे है।

गरीब आवास से भी वंचित
इसके अलावा भूपेश सरकार केंद्र सरकार के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के द्वारा स्वीकृत लाखों गरीबों को आवास से वंचित रख रही है। करोड़ो का भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों का संरक्षण कर रही है ,और खुद भी भ्रष्टाचार में सरकार पूर्ण रूप से लिप्त है। इन्हीं सब बातों को लेकर मेरे द्वारा भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इस शंखनाद पदयात्रा का शुभारंभ 9 दिसंबर की सुबह 9.30 बजे जुनवानी चौक वार्ड न. 1 से होगा और श्री राम चौक हुडको में एक वृहत आम सभा के रूप में समाप्त होगी जिसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव एवं अन्य प्रदेश के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। इस यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष के साथ वैशाली नगर विधानसभा के विधायक विद्या रतन भसीन पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय, क्षेत्रीय सांसद विजय बघेल राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय पदयात्रा में शामिल होंगे।
