बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए वंदेभारत एक्सप्रेस की मंजूरी मिल गई है। रेलवे बोर्ड ने बिलासपुर से नागपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मंजूरी दे दी है। फिलहाल इसकी समय सारिणी तय नहीं की गई है। संभवत: 11 दिसंबर से वंदेभारत एक्सप्रेस छत्तीसगढ़ में चलने लगेगी। बताया जा रहा है कि वंदे भारत एक्सप्रेस को बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया और नागपुर स्टॉपेज दिया जाएगा। यह गाड़ी शनिवार को छोड़ सप्ताह में 6 दिन चलाई जाएगी।
बिलासपुर जोन से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को एक वंदे भारत ट्रेन मिल गई है। बिलासपुर से नागपुर के बीच इसका रूट तय किया गया है। वर्तमान ट्रेनों में वंदेभारत एक्सप्रेस भारत में सबसे तेज चलनी वाली ट्रेन है। इस ट्रेन को रेलवे 160 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चला रही हैं। यह ट्रेन पूरी तरह से वातानुकूलित और इसमें ऑटोमेटिक गेट लगे हैं। इस ट्रेन में सिक्योरिटी के लिहाज से सीसीटीवी भी लगाए गए हैं।

रेलवे ने जारी की समय सारिणी
बिलासपुर से नागपुर के बीच चलने वाली इस ट्रेन के लिए रेलवे ने समय सारिणी भी घोषित कर दी है।वंदे भारत ट्रेन का बिलासपुर से निकलने के बाद रायपुर, दुर्ग, गोंदिया के बाद नागपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन को शनिवार छोड़ कर सप्ताह में 6 दिन चलाया जाएगी। यह गाड़ी बिलासपुर से सुबह 6.45 बजे छूटकर 12.15 बजे नागपुर पहुंचेगी। वहां से 2.5 बजे दोपहर में रवाना होकर 7.35 बजे वापस बिलासपुर पहुंचेगी। संभावित टाइम टेबल के अनुसार सुबह 8.6 बजे रायपुर, 8.47 बजे दुर्ग, 10.35 बजे गोंदिया और 12.15 बजे नागपुर पहुंचेगी। इसके बाद नागपुर से दोपहर 2.05 बजे रवाना होकर 3.46 बजे गोंदिया, 5.30 बजे दुर्ग, 6.08 बजे रायपुर और 7.35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।

