बालोद. बालोद जिले के गुंडरदेही नगर पंचायत में नगर पंचायत अध्यक्ष को लेकर हुई वोटिंग में सोमवार को कांग्रेस पार्षदों ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ जाकर भाजपा के पक्ष में वोट दे दिया। कांग्रेस की क्रॉस वोटिंग की बदौलत यहां अध्यक्ष पद पर एक बार फिर भाजपा का कब्जा हो गया।
भाजपा ने की जीत हासिल
हाल ही में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और जनता के कामों में लापरवाही का आरोप लगाकर नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था। कांग्रेस के विधायक व संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद ने मोर्चा संभाल रखा था। बावजूद कांग्रेस पार्षदों के क्रॉस वोटिंग से एक बार फिर नगर पंचायत अध्यक्ष के पद पर भाजपा की रानू सोनकर काबिज हो गई।

कांग्रेसी पार्षद गए भाजपा में
अविश्वास प्रस्ताव पर गुंडरदेही नगर पंचायत में सोमवार की दोपहर वोटिंग की गई। एक कांग्रेसी पार्षद ने भाजपा के लिए वोट कर दिया। एक कांग्रेसी पार्षद कुछ वक्त पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गया है। भाजपा की तरफ से इस अविश्वास प्रस्ताव को ध्वस्त करने का जिम्मा प्रभारी के रूप में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता को मिला था। इस विश्वास प्रस्ताव में भाजपा ने 10 वोट हासिल किए और कांग्रेस को 5 वोट मिला। यहां वर्तमान में भाजपा के 9 पार्षद हैं और कांग्रेस के 6। इस जीत के बाद बालोद जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्ण कांत पवार ने कहा कांग्रेस के झूठे दावों का पोल नतीजों ने खोल दी।
