राजनांदगांव. नगर निगम राजनांदगांव के एक भाजपा पार्षद के भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मुंगेड़ी का ठेला चलाने वाले युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। युवक गंभीर हालत में किसी तरह बचते हुए अपने घर पहुंचा। जहां परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इधर पीडि़त परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आरोपी भाजपा पार्षद के भाई और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शहर के जमातपारा क्षेत्र में शनिवार-रविवार दरमियानी रात की है।
टहलने निकला था युवक
पुलिस ने बताया कि हमालपारा निवासी मनोज यादव पौव्वारा चौक के पास मुंगेड़ी का व्यवसाय करता है। मनोज यादव शनिवार की रात अपनी दुकान बंद कर घर पहुंचा और खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकला हुआ था। मनोज यादव रात करीब 1 बजे खून से लथपथ हालत में शोर मचाते घर लौटा। खून से सने युवक मनोज ने अपने भाई को बताया कि वह बजरंग मंदिर रोड के पास अपने दोस्त जीवन यादव के साथ खड़ा था। इस दौरान अक्कू यादव और मयूर यादव गाली गलौज करते उसके पास पहुंचे और अक्कू यादव ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में मनोज यादव के सिर व कंधे में गंभीर चोटें आई है।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
मनोज ने अपने भाई को बताया कि वह मौके से जान बचा कर भागा है। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि आरोपियों में एक मयूर यादव भाजपा पार्षद जया यादव का भाई है। पुलिस ने चाकूबाजी के करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।





