भिलाई। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा मध्यप्रदेश तक पहुंच गई है। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में यात्रा में शामिल होने छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता पहुंचे और राहुल गांधी के साथ चले। इसी कड़ी में भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी की प्रथम अध्यक्ष तुलसी साहू भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई। रविवार को खंडवा जिले में तुलसी साहू यात्रा में शामिल हुई। इस दौरान प्रियंका गांधी भी साथ दिखी।
यात्रा को लेकर तुलसी साहू ने कहा है कि राहुल गांधी की यह यात्रा देश में परिवर्तन की यात्रा है। जिस प्रकार राहुल गांधी के साथ पूरा देश चल रहा है उससे यह संदेश जाता है कि केन्द्र की भाजपा सरकार के दिन पूरे हो गए हैं। लोग महंगाई से त्रस्त है और केन्द्र की गलत नीतियों का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। देश को इसी संकट से निकालने के लिए राहुल गांधी ने एक संकल्प लेकर भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी जो धीरे धीरे अपनी मंजिल की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद देश में बड़ा परिवर्तन नजर आएगा।