राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बंद फैक्ट्री में गुटखा बनाने के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री के मैनेजर और राजस्थान से आए मजदूरों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने गुटखा का सैंपल खाद्य विभाग को भेजा है। जिससे जांच हो पाए कि गुटखा असली या फिर नकली है। मिली जानकारी के अनुसार फैक्ट्री से 82 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। मौके से अवैध फैक्ट्री के मैनेजर भंवरलाल चौधरी को हिरासत में लिया गया है। जो मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है।
नहीं दिखाया दस्तावेज
पुलिस ने बताया कि जिले के जोरातराई-कोपेडीह मार्ग में मौजूद एक बंद पड़ी फैक्ट्री में गुटखा बनाए जाने की सूचना लंबे समय से मिल रही थी। शनिवार को छापा मारा गया। जहां अलग-अलग कंपनी के गुटखा बनाने का काम करते मजदूर मिले। जब गुटखा बनाने के लाइसेंस से लेकर दूसरे दस्तावेज की मांग की तो मैनेजर के पास कुछ भी मौजूद नहीं था।
चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस ने बताया कि यहां पूरी तरह से अवैध ढंग से गुटखा बनाने का काम चल रहा था। इसके बाद मौके पर डंप गुटखा पाउच सहित गुटखा बनाने के सामानों को जब्त किया गया। पुलिस का शक है कि यहां ब्रांडेड गुटखा का नकली पैकेट बनाने का भी काम चल रहा था। इसलिए सैंपल जांच के लिए खाद्य विभग को भेजा गया है।

सालभर से चल रही फैक्ट्री
अवैध फैक्ट्री के संबंध में पुलिस का दावा है कि इसका संचालन तीन माह से हो रहा है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में वर्कर्स और मैनेजर ने उन्हें यही जानकारी दी है। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार करीब सालभर से फैक्ट्री में गतिविधियां चल रही है। फैक्ट्री को सामने से तो पूरी तरह बंद रखा जाता था। लेकिन भीतर लोग मौजूद रहते थे।




