भिलाई। सुपेला पुलिस ने चिटफंड कंपनी के दो डायरेक्टरों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गुंडरदेही बालोद और दूसरे आरोपी को मंडला मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर में निर्मल छाया रियल स्टेट एण्ड अलाईड लिमिटेड के नाम पर नेहरू नगर में ब्रांच संचालित कर लोगों से निवेश कराया था। जमा राशि को निश्चित अवधि में दोगुना व तीन गुना करने का झांसा देकर निवेश कराया और टाइम पूरा होने के बाद भी राशि वापस नहीं की। इस मामले में निवेशकों की शिकायत पर कंपनी के डायरेक्टरों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया था। अपराध दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार थे।

सुपेला पुलिस ने लंबी तलाश के बाद निर्मल छाया रियल स्टेट एण्ड अलाईड लिमिटेड के डायरेक्टर प्रकाश चंद निषाद को गुण्डरदेही से एवं प्रकाश चंद्र कुरर्खेती को मण्डला मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा, उप निरी. प्रमोद श्रीवास्तव, प्रआर प्रहलाद बाजपेयी, आरक्षक विकास तिवारी, शैलेन्द्र श्रीवास्तव एवं महिला आरक्षक तोषी गोस्वामी का विशेष योगदान रहा।
