भिलाई। नगर निगम भिलाई की बदहाल व्यवस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इनके पास अपने ही कर्मचारियों को वेतन देने के लिए फंड नहीं है। निगम के सभी ग्रेड के कर्मचारियों को अक्टूबर माह का वेतन नहीं मिला है। लंबे इंतजार के बाद कर्मचारियों के सब्र का बांध टूट गया और गुरुवार को निगम के कर्मचारियों ने अपने ही दफ्तर में काम बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
निगम के कर्मचारी संघ के नेतृत्व में सभी कर्मचारियों ने आज काम बंद कर दिया है। कर्मचारियों में इस बात की नाराजगी है कि निगम में उनका वेतन ही नहीं मिल पा रहा है तो शहर की जिम्मेदारी कैसे उठाएंगे। आज निगम दफ्तर में प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों का कहना है कि लगातार यह अव्यवस्था सामने आ रही है। निगम कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने से आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

महापौर से भी मिले कर्मचारी
वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने महापौर नीरज पाल से भी मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी बात रखी। इस पर महापौर ने आयुक्त व विभागीय मंत्री से चर्चा कर मामला सुलझाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जल्द इस इसका समाधान किया जाएगा। महापौर ने कर्मचारियों से दो दिन का समय लिया है और कहा है कि इन दो दिनों में समस्या का समाधान करने की कोशिश करेंगे।

तो सोमवार से होगी तालाबंदी
कर्मचारी संघ के नेता संजय शर्मा ने बताया कि अक्टूबर के बाद नवंबर माह भी निकल रहा है लेकिन अभी तक कर्मचारियों का वेतन नहीं मिल पाया है। भिलाई निगम में 950 रेगुलर कर्मी व प्लेसमेंट के 1000 से अधिक कर्मचारी हैं। इन सभी का वेतन रुका है। दो दिन का समय महापौर ने लिया है और इस बीच वेतन नहीं मिलता तो सोमवार से काम बंद कर दिया जाएगा। हमारा एक ही नारा है वेतन नहीं तो काम नहीं।