श्रीकंचनपथ, डेस्क। चार साल तक एक शख्स लापता था। पुलिस कंप्लेन हुई इसके बाद भी युवक का कुछ पता नहीं चला। पुलिस लगातार शख्स की पता तलाश करती रही लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। चार साल तक तलाश करने के बाद पुलिस के हाथ एक क्लू लगा और मामला सॉल्व हो गया। दरअसल शख्स लापता नहीं हुआ था बल्कि उसकी हत्या कर दी गई थी। हत्या करने वाली कोई और नहीं बल्कि उसकी पत्नी निकली। पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पहले हत्या की और शव को घर पर ही गाड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर कब्र खोदकर मृतक का कंकाल बरामद कर लिया है।
यह पूरा घटनाक्रम उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद जिले का है। 5 अक्टूबर 2018 को सिहानी गेट इलाके में रहने वाले भूरे सिंह ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराया। उसने बताया कि उनका भाई चंद्रवीर (46) बीते 28 सितंबर से लापता हैं। इसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और शख्स की तलाश शुरू कर दी। काफी तलाश के बाद भी चंद्रवीर का कुछ पता नहीं चला तो केस क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया।

क्राइम ब्रांच ने सुलझाया केस
क्राइम ब्रांच के हाथ में केस आने के बाद शुरूआती जांच के दौरान शक के आधार पर लापता चंद्रवीर की पत्नी सविता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पहले तो उसने कुछ भी पता होने से इंकार किया लेकिन क्राइम ब्रांच की कड़ाई के आगे महिला टूट गई और पूरी सच्चाई उगल दी। पूछताछ में उसने बताया कि वह और अरुण उर्फ अनिल 2017 से एक दूसरे को प्यार करने लगे थे।

उनके प्रेम-प्रसंग की जानकारी चंद्रवीर व उसके परिवार वालों को हो गई थी। कई बार उन्होंने हम दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। मना करने के बाद भी हम छुपते-छुपाते एक-दूसरे से मिलते रहते थे। इस बात को लेकर चंद्रवीर अपनी पत्नी सविता को मारता पीटता भी था। इससे तंग आकर दोनों ने मिलकर प्लान बनाया कि चंद्रवीर को ही रास्ते से हटा दिया जाए।
इसके बाद प्लान के तहत अरुण ने 6 फीट का गड्ढा अपने मकान के बरामदे में खोद रखा था। इसके बाद 28 सितंबर 2018 की रात चंद्रवीर शराब पीकर घर आया और सो गया। फिर सविता ने अरुण को बुला लिया और इसके अरुण ने तमंचे से सोए हुए में चंद्रवीर के सिर में गोली मार दी। आरोपियों ने चंद्रवीर के सिर के नीचे बाल्टी रख दी इसमें मृतक का खून उसमें गिरने लगा। खून बंद होने के बाद अरुण ने चंद्रवीर की लाश को सविता की मदद से अपने घर में पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया। इस सनसनीखेज हत्या में मृतक चंद्रवीर की पत्नी सविता और पड़ोसी अरुण उर्फ अनिल को गिरफ्तार कर लिया गया है।