जगदलपुर। जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे में बुधवार की सुबह बड़ा हादसा हुआ। यहां पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक की मौत व दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में पिकअप का चालक भी शामिल है। घायलों को डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिकअप वाहन बस्तर डेयरी फॉर्म का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला कोड़ेनार थाना क्षेत्र का है। बस्तर डेयरी फॉर्म का पिकअप वाहन दूध व अन्य खाद्य सामग्री लेकर डिलीवरी के लिए निकला था। इस दौरान बास्तानार घाट के टर्निंग पॉइंट पर ओवरटेक करने के चक्कर में सड़क पर पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर एक युवक की नीचे दबने से मौत हो गई। वहीं चालक व एक अन्य युवक भी घायल हो गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है। फिलहाल मृतक का नाम सामने नहीं आया है।




